जयपुर नगर निकाय चुनाव 2026: मतदाता सूची का प्रारूप जारी, 7 अप्रैल तक दर्ज करें आपत्ति
जयपुर नगर निगम और 11 नगरपालिकाओं के लिए निर्वाचन नामावली प्रकाशित, 29 मार्च और 5 अप्रैल को मतदान केंद्रों पर चलेगा विशेष नाम जुड़वाने का अभियान।

जयपुर, 24 मार्च। जिले के नगर निकायों में निर्वाचक नामावलियों के प्रारूप का प्रकाशन मंगलवार, 24 मार्च 2026 को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों द्वारा कर दिया गया है। इसके अंतर्गत नगर निगम जयपुर, नगर परिषद शाहपुरा तथा नगरपालिका दूदू, कानोता, खेजरोली, कालाडेरा, बस्सी, फागी, जमवारामगढ़, मनोहरपुर, वाटिका एवं नरायना शामिल हैं।
दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की समय-सीमा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी जयपुर श्री मेघराज मीणा ने बताया कि "प्रारूप मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अवधि 24 मार्च 2026 से 7 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है।" इस अवधि के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का पठन 25 मार्च 2026 को नगर निगम, परिषद एवं नगरपालिका क्षेत्रों के वार्डों में आयोजित वार्ड सभाओं के माध्यम से किया जाएगा, जहां संबंधित भागों की निर्वाचक नामावलियों का वाचन किया जाएगा।
मतदान केन्द्रों पर विशेष अभियान का आयोजन
मतदान केन्द्रों पर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए 29 मार्च 2026 एवं 5 अप्रैल 2026 को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इन निर्धारित तिथियों पर पदाभिहित अधिकारी प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर आमजन से आवेदन प्राप्त करेंगे। दावे एवं आपत्तियां निर्धारित प्रपत्र 3, 5 एवं 6 में प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का विवरण प्रपत्र 8, 9 एवं 10 में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रतिदिन तैयार कर कार्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाएगा।
निस्तारण एवं अंतिम प्रकाशन की तिथि
प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 15 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात आगामी 22 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
