जयपुर नगर निकाय चुनाव में ड्यूटी से गायब हुए दो कार्मिक, 17 सीसीए के तहत चार्जशीट
जयपुर नगर निकाय चुनाव में ड्यूटी से नदारद होने पर दो कार्मिकों को 17 सीसीए चार्जशीट दी गई। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मुकदमा होगा।

जयपुर जिले में नगर निकाय चुनाव-2026 की मतदान प्रक्रिया के दौरान चुनाव ड्यूटी में लापरवाही का मामला सामने आने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दो कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। मतदान दलों की रवानगी के दौरान एक पीठासीन अधिकारी द्वारा मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद बिना सूचना दिए मोबाइल फोन बंद कर टेन्ट से नदारद होने के मामले में संबंधित कार्मिकों को 17 सीसीए चार्जशीट थमाई गई है।
जयपुर, 09 सितम्बर। नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले की 18 नगर पालिकाओं के निर्वाचन के लिए सीकर रोड, जयपुर स्थित भवानी निकेतन कॉलेज से 08 सितम्बर को मतदान दलों को संबंधित नगर पालिका क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों पर रवाना किया गया था।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने बताया कि नगर पालिका नरायना की मतदान दल रवानगी के दौरान एक मतदान दल के पीठासीन अधिकारी ने संबंधित नगरपालिका के रिटर्निंग ऑफिसर से मतदान सामग्री प्राप्त करने के पश्चात बिना किसी सूचना के अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया और टेन्ट से नदारद हो गया। इस प्रकरण में संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उक्त कार्मिकों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 एवं राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1958 के नियम 17 के तहत चार्जशीट दी गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 (1A) के तहत कार्रवाई की जाकर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। चुनाव ड्यूटी के दौरान सामने आई इस लापरवाही पर प्रशासन की कार्रवाई ने निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीरता को स्पष्ट किया है।

