जयपुर में सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर निगम जयपुर ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देशानुसार और पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को सतर्कता शाखा ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में व्यापक कार्रवाई करते हुए अस्थाई अतिक्रमण करने वालों पर शिकंजा कसा।

उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में गठित टीम ने गांधी नगर रेलवे स्टेशन गेट नंबर 1, कुसुम विहार, जगतपुरा पुलिया से 7 नंबर चौराहा, महल रोड, बॉम्बे हॉस्पिटल, आरयूएचएस हॉस्पिटल तथा बिरला मंदिर रोड क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान मौके पर कार्रवाई करते हुए 04 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।

कार्रवाई के दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 3 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में सार्वजनिक मार्गों और स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। टीम द्वारा अतिक्रमणकर्ताओं को मौके पर ही समझाइश दी गई और मौखिक पाबंद किया गया कि भविष्य में समय रहते अस्थाई अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नगर निगम द्वारा भारी चालान या प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम की इस कार्रवाई से न केवल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि शहर की सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमण मुक्त रखने के अभियान को भी मजबूती मिलेगी। प्रशासन ने संकेत दिया है कि इस तरह की सतर्कता कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story