जयपुर नगर निगम ने शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में एक सख्त और व्यापक कार्रवाई को अंजाम दिया है। आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देशानुसार और पूर्व में प्राप्त लगातार शिकायतों के आधार पर सोमवार को सतर्कता शाखा की टीम ने जयपुर नगर निगम क्षेत्राधिकार में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत अस्थायी अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 39 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया और 9 केंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।

नगर निगम की सतर्कता टीम ने झारखंड महादेव मंदिर के सामने, धुदिया स्कूल 200 फीट बाइपास, कृष्णा नगर गोपालपुरा बाइपास, बिरला मंदिर शांतिपथ, जेएलएन मार्ग, अपेक्स सर्किल मालवीय नगर, जगतपुरा महल रोड, बड़ी चौपड़, रामगंज चौपड़ से सुरजपोल गेट तक, गलता गेट, दिल्ली बाइपास रोड, ब्रह्मपुरी नगर, आमागढ़ और आमागढ़ पर्वत कॉलोनी सहित शहर के प्रमुख और व्यस्त क्षेत्रों में कार्रवाई की। इसके अलावा घाट गेट, सांगानेरी गेट, जोहरी बाजार, हवामहल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, किशनपोल बाजार, चांदपोल बाजार और संजय सर्किल से सेंट्रल चौराहा रोड तक अस्थायी अतिक्रमण हटवाया गया।

उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए ठेले, सामान और अन्य अवरोध हटाकर यातायात और आमजन की आवाजाही को सुचारू किया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण करने वालों को समझाइश देते हुए मौखिक पाबंद किया कि भविष्य में समय रहते अस्थायी अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम की यह कार्रवाई न केवल नियमों के पालन का संदेश देती है, बल्कि यह भी स्पष्ट करती है कि शहर की सार्वजनिक व्यवस्था और सौंदर्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निगम प्रशासन का यह अभियान आने वाले समय में जयपुर को अधिक सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story