जयपुर। गुलाबी नगरी में बढ़ती सर्दी के सितम के बीच नगर निगम जयपुर ने निराश्रितों और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए एक बड़ा सुरक्षा कवच तैयार किया है। शहर की सड़कों और फुटपाथों पर रात गुजारने को मजबूर लोगों को राहत देने के लिए निगम द्वारा वर्तमान में कुल 25 रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें 12 स्थायी और 13 अस्थायी रैन बसेरे शामिल हैं। इन आश्रय स्थलों की वास्तविक स्थिति और व्यवस्थाओं को परखने के लिए नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी स्वयं धरातल पर उतरे। बुधवार की देर रात डॉ. सैनी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भीषण ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को विवश नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने जे.के. लोन अस्पताल के गेट, सांगानेर पुलिया के नीचे, गांधी नगर रेलवे स्टेशन के सामने और महारानी फार्म पुलिया के नीचे स्थित रैन बसेरों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वहां ठहरे लोगों से सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। इन केंद्रों पर न केवल निःशुल्क ठहराव की सुविधा है, बल्कि कड़ाके की सर्दी को देखते हुए गर्म बिस्तर, कंबल, अलाव, स्वच्छ पेयजल और भोजन के भी पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। मानवीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता देते हुए निगम प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर जरूरतमंद को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण प्राप्त हो।

इस अभियान की प्रशासनिक व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए डे-एनयूएलएम (DAY-NULM) उपायुक्त श्याम लाल जांगिड़ ने बताया कि रैन बसेरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत होमगार्ड कर्मियों की तैनाती की गई है। व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए आने वाले हर व्यक्ति की सामान्य जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जा रही है। विशेष बात यह है कि निगम की टीमें और होमगार्ड्स रात के समय शहर में गश्त कर रहे हैं और फुटपाथों या खुले में सो रहे लोगों को समझा-बुझाकर रैन बसेरों तक पहुँचाने का कार्य कर रहे हैं। आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता हर व्यक्ति के जीवन की रक्षा करना है और इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।

नगर निगम जयपुर ने इस सामाजिक सरोकार में आमजन की भागीदारी का भी आह्वान किया है। निगम प्रशासन ने अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को शहर में कहीं भी कोई व्यक्ति खुले में सोता हुआ या ठंड से परेशान दिखाई दे, तो वे तुरंत निगम के कंट्रोल रूम नंबर 0141-2742900, 2741702, 9667248625, या 8764880136 पर सूचित करें। यह प्रयास न केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी है, बल्कि जयपुर शहर की उस सामूहिक संवेदना का प्रतीक भी है, जहाँ कड़ाके की ठंड में भी प्रशासन और जनता मिलकर किसी को लाचार नहीं रहने देने का संकल्प ले रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story