जयपुर नगर निगम सख्त: दुकानों पर दो डस्टबिन नहीं होने पर लगेगा 2000 रुपये जुर्माना
महापौर सुनील कोठारी ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने और सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जयपुर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही और कचरा प्रबंधन में अनियमितताओं को लेकर नगर निगम ने सख्ती की तैयारी कर ली है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महापौर सुनील कोठारी ने शुक्रवार, 27 नवम्बर को अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की स्थिति जानी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि दुकानों पर गीले और सूखे कचरे के लिए दो अलग-अलग डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों से 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
नगर निगम जयपुर के मुख्यालय स्थित पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड में ई.सी. मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महापौर सुनील कोठारी ने की। इसमें उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल, उपायुक्त (स्वास्थ्य) ओम थानवी, समस्त जोन उपायुक्त, उपायुक्त पशु प्रबंधन, अधिशाषी अभियंता गैराज, अधिशाषी अभियंता प्रोजेक्ट और समस्त जोन मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक उपस्थित रहे।
महापौर सुनील कोठारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर की सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत या लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी जोन उपायुक्तों को लगातार फील्ड मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि शहर में कहीं भी खुले में कचरा डिपो नहीं बने। साथ ही प्रोजेक्ट शाखा के अधिकारियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे वाहनों की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा।
बैठक में दुकानदारों के लिए दो डस्टबिन रखना अनिवार्य करने पर भी विशेष जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि प्रत्येक दुकानदार को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग नीले और हरे रंग के डस्टबिन रखने होंगे। नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों को पहले समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी व्यवस्था नहीं अपनाने पर सख्ती करते हुए 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले दोषी व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ सफाई एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी करना है। इसके लिए जोन स्तर पर संचालित कार्यों की नियमित समीक्षा और निगरानी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था, नगर निगम क्षेत्र में खुले कचरा डिपो की स्थिति और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था पर चर्चा की गई। इसके साथ ही जनगणना की अद्यतन तैयारियों, वार्ड ओआईसी द्वारा किए जा रहे निरीक्षण, कैरिंग चार्ज एवं जुर्माने की स्थिति तथा दुकानों पर दो डस्टबिन रखने की व्यवस्था से संबंधित रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जोन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा हुई।
नगर निगम की इस समीक्षा बैठक में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी, खुले में कचरा डालने पर रोक, कचरा संग्रहण वाहनों की मॉनिटरिंग और दुकानदारों के लिए निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही दो डस्टबिन नहीं रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देकर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगम का रुख स्पष्ट किया गया।

