जयपुर। नगर निगम जयपुर ने किशनपोल जोन में बुधवार को अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यह अभियान उपायुक्त किशनपोल जोन, विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में और राजस्व अधिकारी सुनील कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ।

जोन उपायुक्त विजेंद्र कुमार ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध निर्माणों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन कर किए गए अवैध निर्माणों की पहचान की और उनके विरुद्ध कड़ा कदम उठाया। इस कार्रवाई के तहत सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और चार निर्माणाधीन भवनों को सीज किया गया।

शास्त्री नगर क्षेत्र में टैगोर स्कूल के पास मकान संख्या ए-15ए में बिना अनुमति जी+2 निर्माण पाया गया, जिसे तत्काल सीज किया गया। चांदपोल क्षेत्र के बगरू वालों के रास्ते पर स्थित मकान संख्या 950 में किए गए जी+3 अवैध निर्माण को भी सीज किया गया। वहीं, चार दरवाजा स्थित जियाउद्दीन कालोनी में मकान संख्या 213 में जी+2 का अवैध निर्माण रोकने के लिए सीज किया गया। गोपीनाथ मार्ग पर मकान नंबर 2 में बिना अनुमति निर्माणाधीन व्यवसायिक भवन को भी नगर निगम ने सीज किया।

इसके अलावा, मनिहारी के रास्ते में मकान संख्या 54 पर सरकारी भूमि पर बनाए गए लकड़ी के अस्थायी निर्माण को हटाया गया और गोविंद राव जी का रास्ता स्थित मंदिर के पीछे बनी अवैध दीवार तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण भी ध्वस्त कराए गए।

नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। डॉ. सैनी ने आम नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण से पूर्व संबंधित अनुमति प्राप्त करें और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि शहर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके।

इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि जयपुर नगर निगम अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई के माध्यम से शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story