जयपुर। गुलाबी नगरी की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम जयपुर अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को शहर के व्यस्ततम इलाकों और अस्पतालों के बाहर पसरे अवैध अतिक्रमण पर निगम के 'पीले पंजे' और सतर्कता टीम का डंडा चला। नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के कड़े निर्देशों के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई ने राजधानी के रसूखदार और जिद्दी अतिक्रमणकारियों की नींद उड़ा दी है। शिकायतों का अंबार लगने के बाद आयुक्त के आदेश पर उपायुक्त सतर्कता ने मोर्चा संभाला और शहर के प्रमुख रास्तों पर सघन अभियान चलाकर न केवल सामान जब्त किया, बल्कि मौके पर ही भारी जुर्माना भी वसूला।

नगर निगम की इस विशेष कार्रवाई का केंद्र शहर के वे इलाके रहे जहां मरीजों और आम जनता का पैदल चलना दूभर हो चुका था। सतर्कता शाखा की टीम ने गांधी नगर मोड़ से लेकर नगर निगम कार्यालय तक के मार्ग, ट्रोमा सेंटर के दोनों ओर, और सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) के गेट नंबर 2 व 3 के सामने लगे अवैध ठेलों और अस्थाई ढांचों को तहस-नहस कर दिया। इसके अलावा मानसरोवर इंडस्ट्रियल एरिया और वी.टी. रोड स्थित एच.सी.जी. अस्पताल के पास भी निगम का दस्ता पूरी तैयारी के साथ पहुंचा। देखते ही देखते सड़कों के किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में अंजाम दी गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 7 कैंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम भिजवाया। प्रशासनिक सख्ती का आलम यह था कि नियम तोड़ने वालों से मौके पर ही 7 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों पर किया गया किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत देते हुए भविष्य के लिए मौखिक रूप से पाबंद भी किया।

अभियान के अंत में निगम प्रशासन ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यह तो महज शुरुआत है। यदि भविष्य में इन क्षेत्रों में दोबारा अतिक्रमण पाया गया, तो नगर निगम जयपुर भारी चालान काटने के साथ-साथ और भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा। शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डॉ. गौरव सैनी के नेतृत्व में यह अभियान आने वाले दिनों में और भी तेज होने की उम्मीद है, ताकि आम नागरिक बिना किसी बाधा के सड़कों का उपयोग कर सकें।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story