जयपुर, 02 जनवरी। गुलाबी नगरी की सड़कों पर अवैध कब्जे और यातायात में बाधा डालने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर निगम जयपुर ने शुक्रवार को अपनी सख्ती का परिचय दिया। नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के कड़े निर्देशों के बाद सतर्कता शाखा की टीम ने राजधानी के प्रमुख और वीआईपी मार्गों पर एक बड़ा अभियान चलाया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों और शहर की सुव्यवस्थित छवि को बनाए रखने के लिए उपायुक्त सतर्कता श्री अजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने मैदान संभाला और सरदार पटेल मार्ग से लेकर टोंक रोड तक सड़कों के किनारे अवैध रूप से जमे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सतर्कता टीम ने सरदार पटेल मार्ग, एसएमएस अस्पताल परिसर के आसपास, ट्रोमा सेंटर, जय क्लब और टोंक रोड जैसे व्यस्ततम क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अस्थाई दुकानों और अवैध रूप से रखे गए सामान को हटवाया। कार्रवाई इतनी प्रभावी रही कि टीम ने मौके से दो कैंटर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवा दिया। इस दौरान उपायुक्त सतर्कता श्री अजय कुमार ने स्वयं कमान संभाली और टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी। अधिकारियों ने मौके पर समझाइश करते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में यदि पुनः इन स्थानों पर अतिक्रमण पाया गया, तो नगर निगम केवल सामान् की जब्ती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारी चालान और कानूनी कार्रवाई के माध्यम से प्रभावी कदम उठाएगा।

नगर निगम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से शहर के व्यस्ततम मार्गों पर न केवल राहगीरों को राहत मिली है, बल्कि यह उन लोगों के लिए भी एक कड़ा संदेश है जो सार्वजनिक भूमि का व्यावसायिक उपयोग कर शहर की व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं। प्रशासन के इस रुख से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में जयपुर नगर निगम क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान और भी अधिक आक्रामक रूप ले सकता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story