जयपुर नगर निगम के आदर्श नगर जोन द्वारा सफाई अपना बीमारी भगाओ अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 117 स्थित मुस्लिम गर्ल स्कूल, ठाकुर गीजर का रास्ता, पंचायती मस्जिद परिसर में 'स्वच्छता की पाठशाला' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, RRR सेंटर (रिड्यूस, रीयूज एवं रिसाइकिल सेंटर) की उपयोगिता तथा नगर निगम द्वारा संचालित स्वच्छता व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस दौरान 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए हरित वातावरण बनाने में उनकी भागीदारी पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं, कक्षा शिक्षकों एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सामूहिक रूप से अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी का परिचय दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story