शहरी सेवा शिविर-2026: मालवीय नगर में मिला त्वरित समाधान, निगम मुख्यालय पर शनिवार को होगा फॉलोअप शिविर
जयपुर में शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत मालवीय नगर जोन में नागरिकों को मौके पर राहत मिली। पट्टा वितरण, पीएम स्वनिधि ऋण स्वीकृति और लंबित मामलों के निस्तारण के बीच अब निगम मुख्यालय में विशेष फॉलोअप शिविर की तैयारी।

शहरवासियों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम जयपुर द्वारा आयोजित “शहरी सेवा शिविर-2026” आमजन के लिए राहत का माध्यम बनता जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को मालवीय नगर जोन कार्यालय परिसर, लालकोठी में शिविर आयोजित किया गया, जहां विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया।
शिविर का निरीक्षण नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर व्यवस्थाओं और सेवाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान आयुक्त ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को 15 हजार एवं 50 हजार रुपये के स्वीकृत ऋण के चेक भी वितरित किए।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में सांगानेर, मानसरोवर, विद्याधर नगर और मालवीय नगर जोन से संबंधित वे प्रकरण निस्तारित किए जाएंगे, जो पूर्व में आयोजित मुख्य शिविरों में लंबित रह गए थे। यह फॉलोअप शिविर प्रातः 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगा।
आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि “शहरी सेवा शिविर-2026” का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों को विभिन्न नगर निगम सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनसे संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण कर राहत प्रदान करना है। शिविरों में नागरिकों की सुविधा के लिए बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया तथा सहायता केंद्र जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही प्राप्त आवेदनों, प्रार्थना-पत्रों, सुझावों और लंबित मामलों पर तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।
शिविर के दौरान कई नागरिकों को तत्काल राहत मिली। टोंक रोड निवासी श्री संतोष अग्रवाल ने अपने मकान के पट्टे के लिए आवेदन किया था। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही समय बाद नगर निगम प्रशासन ने उन्हें उनके मकान का पट्टा तैयार कर प्रदान कर दिया। इसी प्रकार मालवीय नगर निवासी श्री ताराचंद सिंधी ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर चेक प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग अपने पापड़ उद्योग के विस्तार में करेंगे।
मालवीय नगर जोन में आयोजित शिविर में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 160 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 160 प्रमाण-पत्र तत्काल जारी किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 12 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। वहीं नगरीय विकास कर से संबंधित पांच आवेदनों के माध्यम से 15 लाख रुपये का कर जमा कराया गया।
नगर निगम प्रशासन ने जानकारी दी कि अभियान की अगली कड़ी में सोमवार को किशनपोल जोन के हैरिटेज भवन, पुराना पुलिस मुख्यालय, बड़ी चौपड़ में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। यह अभियान शहरी नागरिकों को उनकी आवश्यक सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
