सफाई कार्मिकों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में नगर निगम ने सोमवार को इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, जेएलएन मार्ग में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन कर एक महत्वपूर्ण पहल की। कार्यशाला में संवेदकों, सुपरवाइजर एवं श्रमिकों को एक ही मंच पर आमंत्रित कर व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे सीवर सफाई कार्य को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

नगर निगम ने सफाई कार्मिकों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से हाईटेक ऑटो सक्शन मशीन का उपयोग प्रारंभ किया है, जिसे सीवर सफाई के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। यह अत्याधुनिक मशीन सीवर लाइनों में जमा गंदगी, कचरे एवं अवरोधों को उच्च क्षमता वाले सक्शन के माध्यम से स्वतः बाहर निकालती है। मशीन की विशेषता यह है कि यह सफाई कार्य को तीव्र गति से पूर्ण करने के साथ मानवीय जोखिम को लगभग शून्य स्तर तक कम कर देती है। यह पहल मुख्यमंत्री की उस सोच को दर्शाती है, जिसमें तकनीक के माध्यम से मानव श्रम का विकल्प विकसित कर सफाई कार्मिकों को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

कार्यशाला के दौरान हाईटेक ऑटो सक्शन मशीन का लाइव प्रदर्शन कर संवेदकों एवं सुपरवाइजरों को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही सीवर लाइनों के संधारण एवं सफाई कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों की पालना, नमस्ते पोर्टल पर पंजीकरण, कार्यों की ऑनलाइन रिकॉर्डिंग तथा सीवर चैम्बर में उतरने से पूर्व अनिवार्य सुरक्षा उपकरण पहनने की प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में नगर निगम की अत्याधुनिक जेटिंग मशीनों, सकर मशीनों एवं आधुनिक PPE उपकरणों का भी लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया।

विशेषज्ञ सत्र को संबोधित करते हुए नगर निगम आयुक्त ने सफाई कार्मिकों के प्रति संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक सफाई कार्मिक का जीवन अमूल्य है और नगर निगम की प्रतिबद्धता है कि तकनीक एवं समुचित प्रशिक्षण के माध्यम से उनके कार्य को सुरक्षित, सम्मानजनक और मानवीय गरिमा के अनुरूप बनाया जाए।

नगर निगम की यह पहल न केवल सफाई कार्मिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाती है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करती है कि जयपुर में सफाई कार्य मानवीय गरिमा के साथ संपन्न हो। यह प्रयास अन्य नगर निकायों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में उभर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story