जयपुर: सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा पर बैठक, सीवर सफाई में रोबोट का होगा उपयोग
नगर निगम की बैठक में नमस्ते पोर्टल पर पंजीकरण और सीवर सफाई कर्मियों के परिवारों को आर्थिक सहायता राशि देने सहित आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर जोर दिया गया।

जयपुर नगर निगम के ई.सी. मीटिंग हॉल में सोमवार को सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण हेतु एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्रालय, दिल्ली के सफाई कर्मचारी संघ कमेटी यूनियन के अध्यक्ष श्री हरदीप सिंह गिल द्वारा की गई। बैठक में प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों, जिनमें अतिरिक्त आयुक्त, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट-द्वितीय, पुलिस उपायुक्त (उत्तर), उपायुक्त स्वास्थ्य-प्रथम, उपायुक्त गैराज, उपायुक्त झोटवाड़ा जोन, संयुक्त निदेशक (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग), महाप्रबंधक (अनुजा निगम), अधीक्षण अभियंता गैराज एवं अधिशासी अभियंता झोटवाड़ा जोन शामिल थे, ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य ने जानकारी साझा की कि 17 अप्रैल 2026 को सीवर सफाई के दौरान जान गंवाने वाले कार्मिकों के परिवारों को नगर निगम जयपुर की ओर से 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और 5-5 लाख रुपये की एफडी प्रदान की गई है। साथ ही, जिला कलेक्टर जयपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5-5 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी वितरित की जा चुकी है।
अध्यक्ष श्री हरमिन्दर सिंह ने सख्त निर्देश दिए कि 'नमस्ते गाइडलाइन पोर्टल' के अंतर्गत सभी सफाई कर्मचारियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और उन्हें आधुनिक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं। आपातकालीन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों के पहचान पत्रों पर ब्लड ग्रुप अंकित करना अनिवार्य कर दिया गया है। कानूनी पहलुओं पर जोर देते हुए अध्यक्ष ने एससी एक्ट-1989, एट्रोसिटी एक्ट-1990 और 'मैनुअल स्कैवेंजर्स एंड देयर रिहैबिलिटेशन एक्ट-2013' के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता हेतु जोन स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।
भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए निर्देश दिया गया कि मृतक कर्मचारियों के पात्र परिजनों को प्रधानमंत्री आवास योजना में प्राथमिकता दी जाए। न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में रात्रि के समय सीवर सफाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और मानव श्रम के स्थान पर रोबोटिक तकनीक व आधुनिक मशीनों का अधिकतम उपयोग करने पर बल दिया गया। यह बैठक सफाई कर्मचारियों के जीवन की सुरक्षा और उनके वैधानिक अधिकारों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
