जयपुर, 30 मार्च। कार्यालय नगर निगम जयपुर (पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड़, जयपुर) के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय के ई.सी. मीटिंग हॉल में सम्पर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान आयुक्त ने सख्ती के साथ अधिकारियों को निर्देशित किया कि "सम्पर्क पोर्टल पर आई हुई शिकायतों का त्वरित रूप से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाये।"

प्रतिदिन मॉनिटरिंग और अंतर-विभागीय समन्वय के निर्देश

बैठक में जोन स्तर एवं मुख्यालय से संबंधित सभी प्रकार की लंबित शिकायतों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि वे "प्रतिदिन सम्पर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों की मॉनिटरिंग करें और यदि कोई शिकायत क्षेत्राधिकार में नहीं आती है तो फिर संबंधित विभाग से समन्वय कर शीघ्र निस्तारण करावें।" आयुक्त ने बैठक में सीएम जनसुनवाई के प्रकरणों को प्राथमिकता से 7 दिवस में निस्तारित करवाने के निर्देश दिये इसके साथ ही कोर्ट केस व लोकायुक्त के प्रकरणों को भी निस्तारित करवाये।

परिवादियों से फीडबैक और धरातलीय सत्यापन

कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी अब परिवादी को कॉल कर फीडबैक लेंगे। आयुक्त ने कहा कि अधिकारी "रेंडमली परिवादियों को भी कॉल करके समस्या के निस्तारण के संबंध में भी फीडबैक ले जिससे धरातल पर समस्या के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की जानकारी भी मिल सकेगी।" बैठक में अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल, जोन एवं मुख्यालय उपायुक्त, अधिशाषी अभियन्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story