जयपुर नगर निगम अध्यक्ष चुनाव: पहले दिन नहीं हुआ कोई नामांकन
सामान्य श्रेणी के अध्यक्ष पद के लिए 19 सितंबर को भी भरे जा सकेंगे पर्चे, 25 सितंबर को होगा मतदान।

जयपुर नगर निगम के अध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर लोक सूचना जारी कर दी गई है। अध्यक्ष पद सामान्य श्रेणी के लिए निर्धारित है। खास बात यह रही कि 18 सितम्बर को अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन-पत्र प्रस्तुत नहीं किया।
रिटर्निंग अधिकारी महापौर एवं उपमहापौर आम चुनाव 2026 आशीष कुमार ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 19 सितम्बर 2026 को प्रातः 10ः30 बजे से अपराह्न 3 बजे के बीच नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन-पत्र पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, कमरा नंबर 204 (ई.सी. हॉल), प्रथम तल, नगर निगम मुख्यालय लालकोठी, जयपुर में अभ्यर्थी अथवा उनके प्रस्तावक द्वारा प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
जारी लोक सूचना के अनुसार नामांकन-पत्रों की संवीक्षा 21 सितम्बर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की सूचना 22 सितम्बर 2026 को कार्यालय समय के दौरान अपराह्न 3 बजे से पूर्व प्रस्तुत की जा सकेगी।
यदि अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन लड़ा जाता है तो 25 सितम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे के बीच मतदान होगा। मतदान नगर निगम मुख्यालय लालकोठी, जयपुर में आयोजित निर्वाचित सदस्यों की बैठक में किया जाएगा।
रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि शुक्रवार 18 दिसंबर 2026 को नगर निगम जयपुर के अध्यक्ष पद के निर्वाचन हेतु किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नामांकन-पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है। ऐसे में अब 19 सितम्बर को होने वाली नामांकन प्रक्रिया पर अध्यक्ष पद के निर्वाचन की अगली स्थिति स्पष्ट होगी।

