जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 9 मई 2026 को विशेष रात्रिकालीन अभियान “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाया जाएगा। इस अभियान की जानकारी नगर निगम आयुक्त ने 7 मई 2026 को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम लगातार विशेष अभियान संचालित कर रहा है, और यह अभियान उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

यह विशेष ड्राइव रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक संचालित की जाएगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को बिना किसी यातायात बाधा के प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके। अभियान का मुख्य फोकस हेरिटेज क्षेत्र (परकोटा क्षेत्र) रहेगा, जहां व्यापक स्तर पर सफाई, कचरा निष्पादन और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।

नगर निगम ने इस अभियान के लिए लगभग 2000 सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की है। सभी कर्मियों को कार्य हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें हूपर, झाड़ू, डंपर, हाथ गाड़ी, गम बूट, टॉर्च, फावड़ा एवं विशेष नाइट जैकेट शामिल हैं। प्रशासन ने अभियान के सुचारु संचालन के लिए 36 बीट्स का गठन किया है, जिनमें अधिकारियों और टीमों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर मॉनिटरिंग व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।

इस अभियान में उद्योग जगत का भी सहयोग प्राप्त हुआ है। Confederation of Indian Industry

के स्टेट हेड नितिन गुप्ता एवं डेनिश पावर लिमिटेड के सीएमडी शिवम तलवार द्वारा सभी सफाई कर्मियों को ब्रांडेड इंसुलेटेड बोतलें उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि कार्य के दौरान पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हो सके।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार बीते एक माह में यह जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में तीसरी बड़ी पहल है। निगम का लक्ष्य है कि जयपुर न केवल देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल हो, बल्कि अपनी विरासत और सौंदर्य के लिए भी एक नई पहचान स्थापित करे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story