भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच नगर निगम जयपुर ने आमजन एवं बेजुबान पशुओं को राहत प्रदान करने के लिए विशेष अभियान चलाया। कार्यालय नगर निगम जयपुर (पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड, जयपुर) के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित इस अभियान में हिंगौनिया गौशाला से लेकर शहर की प्रमुख सड़कों तक पानी के छिड़काव और एंटी फॉगिंग गन के माध्यम से शीतलता प्रदान की गई।

नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार हिंगौनिया गौशाला सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यह राहत कार्य प्रभावी रूप से किया गया। अभियान के तहत प्रमुख चौराहों और रेड लाइट सिग्नलों पर ग्रीन शेड भी लगाए गए, जिससे राहगीरों को तेज धूप से आंशिक राहत मिल सके।

हिंगौनिया गौशाला में विशेष रूप से गायों एवं अन्य पशुओं को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लगातार पानी का छिड़काव किया गया। नगर निगम की टीमों ने गौशाला परिसर में निरंतर मॉनिटरिंग कर पशुओं के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने के प्रयास किए। वहीं शहर के रामबाग, नारायण सिंह सर्किल, किशनपोल बाजार, ट्रांसपोर्ट नगर, जनता कॉलोनी, सेठी कॉलोनी, अशोक नगर तथा एसएमएस अस्पताल के बाहर भी एंटी फॉगिंग गन और पानी के छिड़काव के माध्यम से आमजन को गर्मी से राहत प्रदान की गई।

नगर निगम द्वारा जनसहयोग एवं गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से शहर के विभिन्न स्थानों पर श्वानों एवं पक्षियों के लिए पानी की टंकियां भी स्थापित की गई हैं, ताकि बेजुबान जीवों को भी इस भीषण गर्मी में जीवनदायी जल उपलब्ध हो सके।

नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने कहा कि नगर निगम केवल शहर की स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों एवं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा और सुविधा के प्रति भी पूर्णतः संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए निगम द्वारा निरंतर राहत कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि इस भीषण गर्मी के दौर में अपने घरों और आसपास बेजुबान श्वानों एवं अन्य पशुओं के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था अवश्य करें, ताकि समाज में मानवता और संवेदनशीलता का भाव और अधिक मजबूत हो सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story