जयपुर, 21 अप्रैल। गुलाबी नगरी को स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के कड़े निर्देशानुसार एवं उपायुक्त मुरलीपुरा जोन श्री पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया गया। न्यू आतिश मार्केट, लोहा मंडी रोड माचेड़ा में खुले में कचरा डालकर गंदगी फैलाते पाए जाने पर नगर निगम की टीम ने दोषी व्यक्ति पर 22 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है।

मुरलीपुरा जोन के उपायुक्त श्री पवन कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त क्षेत्र के स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से खुले में कचरा डाले जाने की निरंतर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्रीमती नीलम शर्मा की टीम ने न्यू आतिश मार्केट और लोहा मंडी रोड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने मौके पर एक डम्पर को अवैध रूप से कचरा और सी.एंड.डी. वेस्ट (निर्माण अपशिष्ट) खाली करते हुए रंगे हाथों पकड़ा।

नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इस कृत्य पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक की टीम ने दोषी से 22 हजार रुपये कैरिंग चार्ज के रूप में वसूले। आर्थिक दंड की इस कार्रवाई के साथ ही संबंधित व्यक्ति को भविष्य में दोबारा खुले में कचरा न डालने के लिए सख्त हिदायत देते हुए पाबंद किया गया है। नगर निगम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story