जयपुर: नगर निगम की सतर्कता शाखा ने हटाया अस्थाई अतिक्रमण, 7 केंटर सामान जब्त
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर एसएमएस अस्पताल और जगतपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर जब्त सामान गोदाम भिजवाया गया।

जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा द्वारा गुरुवार को एसएमएस अस्पताल और लालकोठी मण्डी क्षेत्र में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के दौरान जब्त किया गया सामान।
नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर गुरूवार को नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा द्वारा क्षेत्राधिकार में व्यापक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई, जिसमें अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया तथा भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान एसएमएस अस्पताल के गेट नं. 1, 2 व 3, बांगड़, ट्रोमा, जेके लोन, 7 नंबर चैराहा जगतपुरा, महल रोड़, नीले कुंज योजना के पास तथा लालकोठी मण्डी किसान मार्ग क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। इन सभी स्थानों पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को हटवाते हुए व्यवस्था बहाल कराई।
उपायुक्त सतर्कता के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 7 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को समझाइश देते हुए भविष्य के लिए मौखिक पाबंद भी करवाया कि वे समय पर स्वयं अस्थाई अतिक्रमण हटा लें।
नगर निगम की सतर्कता शाखा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार का अवैध या अस्थाई अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारी चालान अथवा प्रभावी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती और प्रशासनिक सक्रियता का स्पष्ट संदेश गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
