जयपुर। गुलाबी नगरी की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक और सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के कड़े निर्देशों एवं पूर्व में प्राप्त जनशिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में टीम ने शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों से अस्थाई अतिक्रमणों का सफाया किया। इस दौरान निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमणकारियों से 16 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज मौके पर ही वसूला और 10 कैंटर सामान जब्त कर सरकारी गोदाम भिजवा दिया।

सतर्कता शाखा की इस प्रभावी कार्रवाई का विस्तार अभिषेक हॉस्पिटल एमडी रोड, जेएलएन मार्ग सोनी हॉस्पिटल, नारायण सिंह सर्किल, लोहामण्डी रोड मुरलीपुरा बड़पीपली स्टैंड के पास, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट और घाटगेट किशनपोल जोन कार्यालय के सामने तक रहा। इसके साथ ही टीम ने गुरुद्वारा मोड़, पिंक स्क्वायर रोड, गोविन्द मार्ग, मामा की होटल, जवाहर नगर स्थित माही ई-मित्र के पास, आदर्श नगर रोटरी सर्किल, घाट की गुणी, आगरा रोड, जामडोली, पुरानी चुंगी आगरा रोड, हाउसिंग बोर्ड शास्त्री नगर सब्जी मंडी लंकापुरी, पेंटर कॉलोनी, नाहरी का नाका शास्त्री नगर और एक नम्बर गेट के पहले कलेक्ट्री रोड स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर के सामने तक सघन अभियान चलाकर अस्थाई रूप से काबिज अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा।

उपायुक्त सतर्कता ने कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी चिह्नित क्षेत्रों से अवैध रूप से रखे गए सामान को 10 कैंटरों में भरकर जब्त किया गया है। निगम की टीम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और अस्थाई अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य के लिए मौखिक रूप से पाबंद किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाए गए, तो आगामी दिनों में नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध और भी भारी चालान और प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निगम की इस कार्रवाई से पूरे शहर के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story