राजधानी में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई को अंजाम दिया। आयुक्त श्री ओम कसेरा के स्पष्ट निर्देशानुसार एवं पूर्व में प्राप्त जन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले गांधी नगर गेट नंबर 1, जीटी मालवीय नगर, पटेल नगर हीरापुरा, 200 फीट बाईपास अजमेर रोड एवं सिरसी गांव तिराहे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध शिकंजा कसा गया।

सतर्कता शाखा की इस मुहिम में मौके से कुल 29 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकारियों ने मौके से अवैध रूप से रखे 3 कैंटर सामान को जब्त कर नगर निगम के गोदाम भिजवा दिया। उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी दी कि शहर की यातायात व्यवस्था और सुंदरता को बिगाड़ने वाले अस्थाई अतिक्रमणों को सख्ती से हटवाया गया है।

अभियान के दौरान सतर्कता टीम ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी देते हुए मौके पर ही समझाइश की और उन्हें मौखिक रूप से पाबंद किया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाया गया या समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध इससे भी भारी चालान और अधिक प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस सक्रियता से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप व्याप्त है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story