जयपुर नगर निगम की कार्रवाई: राजापार्क और मानसरोवर में अतिक्रमण हटाया
आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने वसूला 31,500 रुपये का कैरिंग चार्ज और 3 कैन्टर सामान जब्त कर दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी।

जयपुर के राजापार्क और मानसरोवर क्षेत्रों में सड़क किनारे से अस्थाई अतिक्रमण हटाती नगर निगम की सतर्कता शाखा की टीम।
जयपुर, 05 मार्च। नगर निगम जयपुर आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में गुरूवार को सतर्कता शाखा की टीम द्वारा नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के विभिन्न इलाकों में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 31 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और अतिक्रमणकारियों का 3 कैन्टर सामान जब्त किया।
सतर्कता शाखा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान
नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा की टीम ने शहर के प्रमुख स्थानों यथा राजापार्क, नारायण सिंह सर्किल, शान्ति नगर गोपालपुरा मोड़, गोपालपुरा बाईपास, कांटा चौराहा एवं सचिवालय विहार सेन्ट्रल पार्क मानसरोवर में सघन अभियान चलाया। उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान उपरोक्त क्षेत्रों से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया तथा मौके पर ही 31 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।
जब्त सामान और भविष्य के लिए सख्त चेतावनी
कार्यवाही के विवरण साझा करते हुए उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि "नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में राजापार्क, नारायण सिंह सर्किल, शान्ति नगर गोपालपुरा मोड़, गोपालपुरा बाईपास, कांटा चौराहा एवं सचिवालय विहार सेन्ट्रल पार्क मानसरोवर से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया।" इस पूरी प्रक्रिया के दौरान टीम ने 3 कैन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवा दिया है।
दौरे के दौरान सतर्कता टीम द्वारा अतिक्रमणकारियों को मौके पर ही समझाइश दी गई और उन्हें मौखिक रूप से पाबंद किया गया। सतर्कता टीम ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि "भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा ले अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।" यह कार्रवाई शहर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने और अवैध कब्जे रोकने के उद्देश्य से की गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
