जयपुर, 01 मई। राजधानी में अवैध अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नगर निगम जयपुर ने अपना शिकंजा कसते हुए शुक्रवार को एक प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। आयुक्त श्री ओम कसेरा के दिशा-निर्देशों एवं निरंतर प्राप्त हो रही जन-शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में सतर्कता शाखा की टीम ने शहर के दो प्रमुख क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान जगतपुरा रेलवे फाटक के समीप और त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे किए गए अस्थाई अतिक्रमणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। सतर्कता टीम की इस त्वरित कार्रवाई ने सड़क घेरे बैठे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा दिया और मौके से कुल 07 कैंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम भिजवाया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जगतपुरा रेलवे फाटक और त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे का क्षेत्र अस्थाई अतिक्रमण के कारण बाधित हो रहा था, जिसे टीम ने मुस्तैदी से हटवाया। कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने न केवल सामान की जब्ती की, बल्कि मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को सख्त लहजे में समझाइश करते हुए मौखिक रूप से पाबंद भी किया। प्रशासन ने दो टूक चेतावनी जारी की है कि भविष्य में यदि पुनः अस्थाई अतिक्रमण पाया गया, तो नगर निगम जयपुर द्वारा भारी चालान काटने के साथ-साथ अत्यंत कठोर और प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निगम की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story