जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अस्पतालों के बाहर से हटाया अतिक्रमण
आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने एसएमएस और जेकेलोन अस्पताल के पास से 3 कैंटर सामान जब्त कर 13 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला।

जयपुर, 10 मार्च। नगर निगम जयपुर आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में मंगलवार को सतर्कता शाखा की टीम द्वारा नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान एसएमएस, बांगड़, जे.के.लोन अस्पताल के सामने से, लुनियावास बस स्टैंड, करीम कॉलोनी और रहीम नगर खोह-नागोरियान से अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए गए।
अतिक्रमण पर निगम का प्रहार और सामान जब्ती
उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले एसएमएस, बांगड़, जे.के.लोन अस्पताल के मुख्य मार्गों, लुनियावास बस स्टैंड तथा करीम कॉलोनी रहीम नगर खोह-नागोरियान क्षेत्रों से अस्थाई अतिक्रमण को पूरी तरह से हटवाया गया है। उपरोक्त कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने 3 केन्टर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया और मौके पर ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से 13 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।
भविष्य के लिए सख्त हिदायत और चेतावनी
निगम की टीम ने कार्रवाई के साथ-साथ समझाइश का मार्ग भी अपनाया। कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम द्वारा मौके पर व्यापारियों और अतिक्रमणकारियों को सख्त मौखिक पाबंद किया गया। "भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा ले अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जायेगी" यह स्पष्ट निर्देश उपायुक्त सतर्कता द्वारा दिया गया है। नगर निगम जयपुर की इस सतर्कता शाखा द्वारा की गई कार्रवाई से शहर के व्यस्ततम अस्पताल क्षेत्रों और बस स्टैंड पर आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
