जयपुर में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणकारियों से 2 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और सामान से भरे 3 कैंटर जब्त कर गोदाम भिजवाए। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।

नगर निगम की सतर्कता टीम ने अल्बर्ट हॉल, रामबाग, बजाज नगर, सांगानेर बम्बाला पुलिया से पार्षद कार्यालय तक, एमडी रोड, रीको कांटा मानसरोवर, स्वर्णपथ, वीटी रोड मानसरोवर, करणी पैलेस रोड, बजरी मंडी रोड और ए-ब्लॉक वैशाली नगर सहित विभिन्न स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए तथा अतिक्रमण में इस्तेमाल किया जा रहा सामान जब्त किया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 3 कैंटर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। इसके साथ ही अस्थायी अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 2 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज भी वसूल किया गया।

सतर्कता टीम ने कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को मौके पर समझाइश दी और भविष्य में समय रहते अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए मौखिक रूप से पाबंद किया। टीम ने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में दोबारा अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भारी चालान या अन्य प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के जरिए सतर्कता शाखा ने स्पष्ट किया है कि जयपुर नगर निगम क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Next Story