जयपुर: अतिक्रमण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 24 कैंटर सामान जब्त
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने वीटी रोड, सांगानेर और जगतपुरा समेत कई इलाकों में कार्रवाई कर 78 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला।

जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए 24 केन्टर सामान जब्त किया और अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 78 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में वीटी रोड मानसरोवर, अरावली पथ, गोपालपुरा पुलिया के नीचे, जगतपुरा रेलवे निवास, सांगानेर बाजार व सब्जी मंडी, गोशाला पिंजरा पोल के सामने, कैलाश टावर जलमहल, आमेर रोड, मावठा, गांधी चौक, आमेर, कुंडा, दिल्ली बाईपास रोड, धोबी घाट, मानबाग, पुरानी चुंगी से संकट मोचन हनुमान मंदिर तक, वन विहार लाल डूंगरी, दिल्ली बाईपास रोड, ईदगाह, राष्ट्रीय आयुर्वेदिक संस्थान (एनआईए अस्पताल), गोविंद नगर ब्रह्मपुरी, श्याम नगर मेट्रो स्टेशन, न्यू सांगानेर रोड, गुर्जर की थड़ी, न्यू आतिश मार्केट, चंपा नगर और देवी नगर तक कार्रवाई की।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान उक्त क्षेत्रों में किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान 24 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 78 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।
सतर्कता टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके पर समझाइश भी की। अतिक्रमण करने वालों को मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा लें। ऐसा नहीं करने पर नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के साथ जब्त सामान को गोदाम पहुंचाया गया और मौके पर कैरिंग चार्ज भी वसूल किया गया।

