कार्यालय नगर निगम जयपुर (पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड़, जयपुर) के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार नगर निगम जयपुर में नाला सफाई कार्य मिशन मोड पर संचालित किया जा रहा है। मानसून पूर्व नाला सफाई एवं मरम्मत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ शहर के जल निकासी तंत्र को दुरुस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा की अध्यक्षता में सोमवार को नाला सफाई एवं मरम्मत कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोन एवं मुख्यालय अधिषाषी अभियन्ताओं की उपस्थिति में चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी जोनों में जोन उपायुक्त एवं जोन अधिशासी अभियंता की टीम द्वारा क्षेत्राधिकार में नाला सफाई का कार्य प्रगतिरत है तथा इसे मिशन मोड पर गति दी जा रही है।

नगर निगम जयपुर की टीमों द्वारा सभी जोन क्षेत्राधिकार के नालों की संपूर्ण सफाई, खुले नालों पर फैरोकवर लगाकर उन्हें ढकने तथा खुले सीवर मैनहोल पर ढक्कन लगाकर बंद करने एवं आवश्यक मरम्मत कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य मानसून के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की जलभराव संबंधी समस्या से बचाना है।

आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि अब तक नगर निगम जयपुर के लगभग 900 नालों में से 50 प्रतिशत से अधिक नालों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 35 प्रतिशत नालों पर कार्य प्रगतिरत है। सफाई कार्य के उपरांत मलबा भी नियमित रूप से उठाया जा रहा है तथा जहां कहीं मरम्मत की आवश्यकता है, वहां मरम्मत कार्य भी साथ-साथ किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की सफाई, मैनहोल सफाई, फैरोकवर लगाने, मैनहोल ढक्कन लगाने सहित सभी आवश्यक मरम्मत कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि मानसून से पूर्व सम्पूर्ण व्यवस्था पूर्ण रूप से दुरुस्त हो सके।

नगर निगम का यह मिशन मोड अभियान शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रयास माना जा रहा है, जो आगामी मानसून में नागरिकों को राहत प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story