जयपुर नगर निगम ने आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए गुरुवार, 8 अक्टूबर को वार्डवार स्वच्छता उत्सव विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की। महापौर सुनील कोठारी ने बड़ी चौपड़ पर सुबह 7 बजे स्वच्छता की शपथ दिलाकर वार्ड 112 में अभियान का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं हाथ में झाड़ू थामकर सफाई की और लगातार 6 घंटे तक श्रमदान किया। अभियान के दौरान वार्ड 112 में 78 टन कचरा और 35 टन से अधिक निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) हटाया गया।

महापौर सुनील कोठारी ने दीपावली तक शहर के सभी जोन में वार्डवार विशेष सफाई अभियान चलाने की पहल की है। इसका उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। अभियान के तहत वार्डों में सफाई के साथ सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

बड़ी चौपड़ से जौहरी बाजार तक महापौर ने किया श्रमदान

बड़ी चौपड़ पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने सामाजिक संगठनों, स्थानीय आमजन के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वच्छता योद्धाओं, सीएसआई और एसआई को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान किशनपोल जोन की उपायुक्त निहारिका सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शपथ के बाद महापौर ने बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, हल्दियों का रास्ता, घी वालों का रास्ता और रामलला का रास्ता तक स्वयं झाड़ू लगाई। उन्होंने लगभग एक किलोमीटर तक सफाई की और जौहरी बाजार के बरामदों को साफ किया। जिन स्थानों पर वर्षों से कचरा जमा था, वहां उन्होंने अपने हाथों से कचरा हटाकर सफाई के साथ व्यवस्था को भी दुरुस्त किया।

जौहरी बाजार में जल मंदिर के पास नाली में कचरा जमा होने से पानी लगातार इकट्ठा हो रहा था। महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर नाली की सफाई करने के निर्देश दिए।

वार्ड 112 में 11 रूट पर चला विशेष सफाई अभियान

वार्ड 112 में 11 रूट निर्धारित कर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके तहत जौहरी बाजार मेन रोड, हल्दियों के रास्ते से चाकसू चौक, गोधों का चौक, बड़ी चौपड़ से ठाकुर पचेरवाल के चौराहे तक, रामगंज बाजार, घी वालों के रास्ते से हाजरीगाह तक, लोहारों का खुर्रा, सांगानेरी गेट, सब्जी मंडी से पीपली महादेव तक और बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर सफाई की गई।

अभियान में 20 हूपर, 200 स्वच्छता योद्धा, 3 जेसीबी, 8 ट्रैक्टर सहित दो दर्जन से अधिक संसाधनों का उपयोग किया गया। इसके अतिरिक्त महापौर ने वार्ड नंबर 73, 120 और 112 में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण भी किया।

सफाई के साथ सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने पर जोर

महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि स्वच्छता का मतलब केवल झाड़ू लगाना नहीं, बल्कि संबंधित स्थान को पूरी तरह व्यवस्थित बनाना है। इसी उद्देश्य से अभियान में उद्यान, सतर्कता, विद्युत और गैराज की टीमें भी लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य वार्ड स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाकर आमजन को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना है।

महापौर ने आमजन से खुले में कचरा नहीं फेंकने और जयपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।

अभियान में सफाई कर्मचारियों और संसाधनों की होगी तैनाती

विशेष स्वच्छता अभियान के लिए सभी जोन के उपायुक्तों को संबंधित वार्ड में जोन के कुल सफाई कर्मचारियों और यांत्रिक संसाधनों का 50 प्रतिशत अथवा आवश्यकतानुसार इससे अधिक संख्या में नियोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रत्येक गली, सड़क और सार्वजनिक स्थान की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के दिन पहले से चिह्नित सभी जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स) और अन्य गंदगी वाले स्थानों से पूरा कचरा हटाया जाएगा। डिवाइडर, मीडियन और सड़क के अतिरिक्त क्षेत्रों में लिटर पिकिंग सहित संपूर्ण सफाई कराई जाएगी। सभी जोन के अभियान वाले वार्डों में मौजूद निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट यानी सीएंडडी वेस्ट भी हटाया जाएगा।

उपायुक्त राजस्व अभियान वाले वार्डों में सार्वजनिक सड़कों और स्थलों पर लगे अवैध होर्डिंग एवं बैनर हटाने की कार्रवाई करेंगे। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी आवश्यकतानुसार फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित करेंगे। अधिशाषी अभियंता गैराज डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले संवेदकों को अभियान के दिन समयबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए पाबंद करेंगे।

वहीं, उपायुक्त उद्यान अभियान वाले वार्डों के पार्कों और पेड़-पौधों की कटाई, छंटाई तथा सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। दीपावली तक चलने वाले वार्डवार स्वच्छता उत्सव के तहत सफाई, कचरा निस्तारण, अवैध होर्डिंग हटाने, फॉगिंग और उद्यानों की देखरेख सहित विभिन्न कार्यों को एक साथ पूरा करने की योजना बनाई गई है।

Next Story