जयपुर में अवैध होर्डिंग्स और बैनरों पर बड़ी कार्रवाई, नगर निगम ने जब्त किए विज्ञापन
नगर निगम ने 17 सितंबर से विशेष अभियान चलाकर 300 से अधिक होर्डिंग्स-बैनर जब्त किए, नियम तोड़ने पर FIR और क्षतिपूर्ति की चेतावनी दी।

तस्वीर में जयपुर में सड़क किनारे लोहे के होर्डिंग ढांचे को हटाता एक व्यक्ति दिख रहा है।
जयपुर में अवैध विज्ञापनों के विरुद्ध नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त नगर निगम जयपुर के निर्देशों की अनुपालना में 17 सितंबर 2026 से निगम के समस्त जोन कार्यालयों की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध विज्ञापनों को हटाने के साथ उन्हें जब्त किया जा रहा है।
अभियान के दौरान विभिन्न जोनों की टीमों ने कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 90 कॉमर्शियल बैनर, 182 अवैध होर्डिंग्स और 43 लोहे के स्ट्रक्चर हटाकर जब्त किए हैं। नगर निगम की ओर से अवैध विज्ञापन लगाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
आयुक्त ने बताया कि जिन भवनों अथवा दीवारों पर अवैध रूप से विज्ञापन लगाए गए हैं, उनके भवन मालिकों से नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि की वसूली की जाएगी। इसके साथ ही गैन्ट्री, यूनिपोल अथवा पोल कियोस्क पर अवैध विज्ञापन पाए जाने पर संबंधित उत्पाद निर्माताओं को भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
अवैध विज्ञापनों के कारण नगर निगम के राजस्व को नुकसान होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
आयुक्त ने सभी फर्मों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने विज्ञापन नगर निगम जयपुर से अधिकृत वेंडरों के माध्यम से ही प्रदर्शित करवाएं। अनधिकृत व्यक्तियों अथवा संस्थाओं के माध्यम से विज्ञापन करवाए जाने पर नियमानुसार सीजर एवं अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
नगर निगम जयपुर का यह विशेष अभियान अवैध विज्ञापनों के विरुद्ध लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के साथ भवन मालिकों, उत्पाद निर्माताओं और विज्ञापन प्रदर्शित करवाने वाली फर्मों एवं संस्थाओं की जिम्मेदारी भी नियमानुसार तय की जाएगी।

