स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी शुरू

“हर गली-हर वार्ड साफ” के संकल्प के साथ फरवरी भर चलेगा निगम का स्वच्छता जनजागरूकता महाअभियान।

जयपुर, 02 फरवरी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर रैंकिंग के लक्ष्य के साथ नगर निगम जयपुर ने कमर कस ली है। निगम ने फरवरी माह का विस्तृत स्वच्छता कैलेंडर जारी करते हुए पूरे महीने जन जागरूकता और स्वच्छता गतिविधियों का महाअभियान शुरू कर दिया है। इस माह स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जोन स्तर पर जन जागरूकता गतिविधियों की जाएगी।

जन आंदोलन का रूप और दिशा-निर्देश

निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। इसके लिए निगम आयुक्त के निर्देश पर सभी जोन उपायुक्त और शाखा प्रभारी आमजन के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

"स्वच्छ जयपुर ही सर्वेक्षण में जयपुर की पहचान बनेगा"

निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित न रहे, बल्कि आदत और जिम्मेदारी बने। इसी के तहत फरवरी माह में शहर के हर जोन, वार्ड और मोहल्ले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की निगरानी के लिए निगम स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई हैं।

फरवरी में चलने वाले जनजागरूकता अभियान

नगर निगम जयपुर द्वारा फरवरी माह में शहरभर में एक साथ कई अभियान चलाए जाएंगे:

  • कचरा पृथक्करण जागरूकता अभियान
  • क्लीन बैक लेन अभियान
  • हेल्पर व ड्राइवर प्रशिक्षण कार्यक्रम
  • स्वच्छ मंडी अभियान
  • येलो और रेड स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य
  • वाटर बॉडी क्लिनिंग ड्राइव
  • प्लास्टिक फ्री मार्केट
  • प्लास्टिक फ्री मार्केट अवेयरनेस ड्राइव
  • पार्क क्लीनिंग ड्राइव
  • प्लास्टिक अवेयरनेस रैली
  • स्वच्छता की पाठशाला
  • खुला कचरा डिपो खत्म करने की कार्रवाई

प्रतियोगिताओं से जोड़ा जाएगा आमजन को

जन सहभागिता बढ़ाने के लिए निगम द्वारा कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी:

  • स्वच्छ स्कूल अभियान
  • स्वच्छ गली अभियान
  • स्वच्छ वार्ड अभियान
  • स्वच्छ स्ट्रीट फूड अवेयरनेस अभियान

स्थायी सुधार और अपील

नगर निगम जयपुर अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र बंसल ने बताया कि इन अभियानों से शहर की सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार होगा और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जयपुर मजबूत दावेदारी पेश करेगा। निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अभियान में सक्रिय सहयोग करें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story