जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमणकारियों से 40 हजार का जुर्माना वसूला
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा और जेडीए ने विद्याधर नगर सहित कई क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर 3 केंटर सामान जब्त किया और सख्त चेतावनी दी।

गुलाबी नगरी की सड़कों को सुव्यवस्थित करने और अवैध कब्जों को हटाने के लिए नगर निगम जयपुर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के कड़े निर्देशों एवं पूर्व में प्राप्त जन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मंगलवार को सतर्कता शाखा की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में नगर निगम और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर न केवल अस्थाई अतिक्रमणों को ध्वस्त किया, बल्कि नियम विरुद्ध मार्ग अवरुद्ध करने वालों से 40 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज भी मौके पर वसूल किया।
अभियान के दौरान सतर्कता टीम ने विद्याधर नगर स्थित परशुराम सर्किल पुलिस थाने के समीप, स्टेडियम के पास, अग्रसैन सर्किल, बियानी कॉलेज रोड, सेंट्रल स्पाइन नेशनल हैंडलूम तथा वीकेआई रोड नंबर 17 जैसे प्रमुख व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई की। इस दौरान सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से रखे गए सामान को जब्त करने की प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके तहत कुल 3 केंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम भिजवाया गया। उपायुक्त सतर्कता ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत देते हुए मौके पर ही समझाइश की और मौखिक रूप से पाबंद किया कि वे भविष्य में स्वयं ही अपने अस्थाई अतिक्रमण हटा लें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि पुनः अवैध अतिक्रमण की स्थिति पाई गई, तो संबंधितों के विरुद्ध भारी चालान काटने के साथ-साथ और अधिक कठोर व प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की इस सक्रियता से शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में अवैध कब्जा करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने सुगम यातायात की दृष्टि से इस कदम की सराहना की है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
