जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 22 कैन्टर सामान जब्त, 58 हजार वसूला जुर्माना
सतर्कता शाखा ने अम्बाबाड़ी से जौहरी बाजार तक चलाया सघन अभियान, सड़कों से अस्थाई अतिक्रमण हटाकर जब्त किया सामान।

जयपुर के विद्याधर नगर क्षेत्र में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे केबिन को ट्रक में लादते नगर निगम के कर्मचारी और पुलिस बल।
गुलाबी नगरी की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को एक व्यापक और कड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के दिशा-निर्देशों एवं नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए, उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान निगम प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों से न केवल 58 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला, बल्कि 22 कैन्टर सामान जब्त कर अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त कर दिए।
सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई का दायरा अम्बाबाड़ी सर्किल से शुरू होकर मॉल रोड, बियानी कॉलेज रोड, शिवम अस्पताल रोड और नेशनल हैंडलूम विद्याधर नगर तक फैला रहा। टीम ने शहर के हृदय स्थल बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार और बोरड़ी का रास्ता में भी सड़कों को अवरुद्ध कर रहे अस्थाई अतिक्रमणों को सख्ती से हटवाया। अभियान के दौरान रायसर प्लाजा, इंदिरा बाजार, जयंती मार्केट, अजमेर रोड, जैकब रोड, राजीव नगर, शांति नगर, खातीपुरा रोड, एन.बी.सी हसनपुरा, संसार चंद्र रोड, जालुपुरा, अनाज मंडी सूरजपोल, हीदा की मोरी, रामगंज बाजार, पीतल फैक्ट्री, शास्त्री नगर और जौहरी बाजार से होते हुए सांगानेरी गेट तक हर अवरोध को साफ किया गया।
उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी दी कि कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए 22 कैन्टर सामान को तुरंत निगम के गोदाम भिजवा दिया गया। मौके पर मौजूद टीम ने न केवल आर्थिक दंड लगाया, बल्कि भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी जारी की। अधिकारियों ने व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया कि वे भविष्य में स्वतः ही अतिक्रमण हटा लें। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि नियमों की अवहेलना जारी रही, तो नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध इससे भी भारी चालान और अधिक प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह अभियान शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सार्वजनिक स्थानों को सुव्यवस्थित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
