जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 10 केंटर सामान जब्त, अतिक्रमण हटाया
सतर्कता शाखा ने बापू नगर और चांदपोल सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाकर सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराया और भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी जारी की।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा द्वारा शहर के विभिन्न बाजारों से अस्थाई अतिक्रमण हटाने के बाद जब्त किए गए सामान को केंटर में भरकर ले जाते कर्मचारी।
नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर सोमवार को सतर्कता शाखा ने शहरभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान 10 केन्टर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।
कार्रवाई नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के अंतर्गत मंगलम मार्ग बापू नगर, बजाज नगर, दुर्गापुरा पुलिया के नीचे, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार, संजय सर्किल, पीतल फैक्ट्री रोड, शास्त्री नगर, साइंस पार्क रोड, सिविल लाइन जोन कार्यालय के आसपास, पानीपेच रोड, रेलवे स्टेशन रोड, जैकब रोड, अजमेर रोड, एनबीसी रोड, हसनपुरा, गोपाल बारी रेलवे स्टेशन रोड पिलर संख्या 146 के बीच, ट्रांसपोर्ट नगर, आमागढ़ शक्ति कॉलोनी दिल्ली बाईपास रोड, अनाज मंडी सूरजपोल गेट, रामगंज चौपड़, रामगंज बाजार और बड़ी चौपड़ तक संचालित की गई।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि इन सभी क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण हटवाते हुए मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी गई और उन्हें मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में समय रहते अतिक्रमण स्वयं हटा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भारी चालान और प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान जब्त किया गया 10 केन्टर सामान निगम के गोदाम में सुरक्षित रखवाया गया। नगर निगम की यह सख्त कार्रवाई शहर में अतिक्रमण पर नियंत्रण और सार्वजनिक स्थानों को मुक्त रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
