नगर निगम जयपुर की कार्रवाई: अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान में 14 केंटर सामान जब्त
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने खातीपुरा और लालकोठी सहित कई इलाकों में कार्रवाई कर अस्थाई अतिक्रमण हटाया और कैरिंग चार्ज वसूला।

जयपुर के मालवीय नगर में सत्कार शॉपिंग सेंटर के पास अतिक्रमण हटाती नगर निगम की सतर्कता टीम, जहां सड़क बाधित करने वाले ठेलों और सामान को जब्त किया गया।
नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को शहरभर में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 14 केन्टर सामान जब्त किया गया तथा अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 2 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया।
सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के खातीपुरा तिराहा सिरसी रोड, खातीपुरा, कालवाड़ रोड जोशी मार्ग, 200 फीट डायमण्ड रेजीडेन्सी रोड, लालकोठी मंडी टीनि टॉयज स्कूल, रामपुरा रोड, महारानी फार्म डालड़ा फैक्ट्री के पास एवं सत्कार शॉपिंग सेंटर अग्रवाल सभागार सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में कार्रवाई की। इसके अलावा जोरावर सिंह गेट, रामगढ़ मोड़, पुरानी चुंगी दिल्ली बाईपास रोड, मानबाग चौराहा जयसिंहपुरा सब्जी मंडी, कुण्डा रोड, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और कांवटिया सर्किल शास्त्री नगर तक अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर रखे गए सामान को जब्त कर 14 केन्टरों में भरकर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। निगम अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए समझाइश भी की कि भविष्य में समय रहते अस्थाई अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भारी चालान एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम जयपुर की इस कार्रवाई को शहर में यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक मार्गों की सुगमता और अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम की सतर्कता शाखा द्वारा की गई इस कार्रवाई से अस्थाई अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
