जयपुर, 08 मई। नगर निगम जयपुर के आयुक्त श्री ओम कसेरा के कड़े निर्देशों और पूर्व में प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर, सतर्कता शाखा ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध एक व्यापक और सघन अभियान चलाया। उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में टीम ने राजधानी के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर दबिश देते हुए अस्थाई अतिक्रमण हटाया, जिसके तहत मौके पर ही 23 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया और 12 कैंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम भिजवाया गया।

सतर्कता टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले गोविन्दपुरा चौराहा, मालपुरा डिग्गी रोड, सांगानेर बाजार, दुर्गापुरा पुलिया के नीचे स्थित एसबीआई बैंक क्षेत्र, सिटी पार्क मानसरोवर, वरुणपथ मानसरोवर, नर्सरी पार्क वैशाली नगर, खातीपुरा रोड, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार में प्रभावी कार्रवाई की। इसके अतिरिक्त दीनानाथ की गली सरकारी स्कूल के पास, गोपीनाथ जी का मंदिर चांदपोल बाजार, चौगान, राजामल का तालाब ब्रह्मपुरी, पांच बत्ती, स्टेच्यू सर्किल, युधिष्ठिर मार्ग, जनपथ रोड, वानिकी पथ विधिक सेवा मार्ग, सहदेव मार्ग सचिवालय रोड, सी-स्कीम और अशोक नगर रोड तक फैले अस्थाई अतिक्रमण को पूरी तरह साफ करवाया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी दी कि कार्रवाई के दौरान कुल 12 कैंटर सामान जब्त किया गया है। टीम ने मौके पर अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत देते हुए समझाइश की और मौखिक रूप से पाबंद किया कि वे भविष्य में समय रहते स्वयं ही अस्थाई अतिक्रमण हटा लें। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा इन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण पाया गया, तो नगर निगम जयपुर द्वारा संबंधितों के विरुद्ध भारी चालान काटने सहित और अधिक प्रभावी व कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Next Story