जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: इमली फाटक और सांगानेर सहित कई इलाकों से हटाए अस्थाई अतिक्रमण
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने 38 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला और 7 कैंटर सामान जब्त कर भविष्य में कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को नगर निगम की सतर्कता टीम ने अवैध कब्जों को हटाकर सार्वजनिक मार्गों को सुचारू किया और अतिक्रमणकर्ताओं से जुर्माना वसूला।
कार्यालय नगर निगम जयपुर, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड, जयपुर के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ के अंतर्गत नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर बुधवार को सतर्कता शाखा की टीम द्वारा नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में व्यापक कार्रवाई की गई।
उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान ईमली फाटक नटराज कॉलोनी, राजस्थान कॉलेज के सामने, डी-मार्ट सांगानेर, माचवा, साउथ कॉलोनी निवारू रोड, मुरलीपुरा स्कीम, स्टेच्यू सर्किल, वानिकी पथ (विधिक सेवा मार्ग), तिलक मार्ग, सहदेव मार्ग, सचिवालय रोड, हसनपुरा रोड, आर्मी एरिया खातीपुरा, अजमेर रोड, सोडाला एवं जैकब रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान सतर्कता शाखा द्वारा अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया तथा मौके पर 38 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। इसके साथ ही 7 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर समझाइश भी दी तथा संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में निर्धारित समय सीमा में अस्थाई अतिक्रमण स्वयं हटा लें।
उपायुक्त सतर्कता ने स्पष्ट किया कि नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में यदि भविष्य में किसी भी प्रकार का अस्थाई या अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारी चालान अथवा प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।
नगर निगम की इस सघन कार्रवाई को शहर में अव्यवस्था और अतिक्रमण नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित रखने की दिशा में प्रभावी परिणाम अपेक्षित हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
