जयपुर नगर निगम की कार्रवाई: अवैध अतिक्रमण पर ₹27 हजार का जुर्माना
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने मालवीय नगर और वैशाली नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से 5 कैंटर सामान जब्त कर सड़क मार्ग साफ करवाया।

जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र में बुधवार को सड़क किनारे से अवैध अस्थाई निर्माण हटाती नगर निगम की सतर्कता टीम।
नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने अवैध अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सख्त कदम उठाए। आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में बुधवार को यह कार्रवाई की गई, जिसमें 27 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया और 5 केन्टर सामान जब्त किया गया।
सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार के अंतर्गत मंगल मार्ग बापू नगर, झालाना डुगरी वार्ड 73 से सेक्टर 1 गर्ल्स स्कूल मालवीय नगर तक, एयरपोर्ट रोड, सेक्टर 6 प्रताप नगर, दुर्गापुरा पुलिया के नीचे, मंगलम सिटी कनकनपुरा तथा वैशाली नगर सी ब्लॉक से वैशाली सर्किल तक कार्रवाई करते हुए अस्थाई अतिक्रमण हटवाया। अभियान के दौरान टीम ने मौके पर ही अतिक्रमणकारियों से 27 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और 5 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों को मौके पर समझाइश दी गई और मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय रहते हटा लें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह कार्रवाई शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने और यातायात बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
