जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, शहर के कई इलाकों से हटाया अस्थाई अतिक्रमण
सतर्कता शाखा ने 11 केंटर सामान जब्त कर 5 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला, दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जयपुर नगर निगम की सतर्कता टीम द्वारा जगतपुरा क्षेत्र में सड़क किनारे रखे अवैध केबिन को क्रेन की सहायता से हटाने की प्रक्रिया।
नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर सोमवार को सतर्कता शाखा द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई, जिसके तहत नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में विभिन्न स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए।
सतर्कता टीम ने सीबीआई फाटक से खातीपुरा रेलवे स्टेशन के दोनों ओर, नारायण हॉस्पिटल के सामने, रानी सती नगर, अक्षरधाम मंदिर चित्रकूट, गांधी पथ तथा सेंट्रल स्पाइन सेक्टर-1 विद्याधर नगर सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान कुल 11 केंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।
उपायुक्त सतर्कता ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 5 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। साथ ही मौके पर समझाइश करते हुए सभी को मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में निर्धारित समय पर स्वयं अस्थाई अतिक्रमण हटा लें।
नगर निगम की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में पुनः अवैध अतिक्रमण पाया गया तो संबंधितों के विरुद्ध भारी चालान या कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई शहर में व्यवस्थित यातायात और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं सुगमता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
