जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: अवैध अतिक्रमण हटाया, वसूला जुर्माना
सतर्कता शाखा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 4 कैंटर सामान जब्त कर 17,500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला और भविष्य के लिए सख्त चेतावनी जारी की।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को शहर में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 17 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया तथा 4 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम भिजवाया। यह कार्रवाई आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
कार्यालय नगर निगम जयपुर (पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड़, जयपुर) के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ से जारी जानकारी के अनुसार सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में दुर्गापुरा पुलिया के नीचे, गांधी नगर टोंक रोड़, एसएमएस अस्पताल, ट्रोमा सेन्टर, बांगड़, जेके लोन, मुरलीपुरा, निवारू पुलिया के पास, स्टार हाइट्स के सामने, 100 फीट रोड़ कांटा चैराहा से खिरणी फाटक रोड़, प्रेम नगर गली नं. 1 खातीपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि इन सभी स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान 4 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया तथा मौके पर ही अतिक्रमण करने वालों से 17 हजार 500 रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया। साथ ही सतर्कता टीम ने मौके पर समझाइश करते हुए संबंधित लोगों को मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा लें, अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह कार्रवाई नगर निगम की सतर्कता शाखा द्वारा शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त रुख को दर्शाती है और स्पष्ट संकेत देती है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
