जयपुर नगर निगम की कार्रवाई: अतिक्रमणकारियों से वसूला जुर्माना, 4 कैंटर सामान जब्त
आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सतर्कता शाखा ने विद्याधर नगर और प्रताप नगर सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाकर 29 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला।

राजधानी में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने बुधवार को व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर निगम जयपुर के आयुक्त श्री ओम कसेरा के दिशा-निर्देशों एवं पूर्व में प्राप्त जन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में आने वाले विद्याधर नगर, मणिपाल अस्पताल, सेन्ट्रल स्पाईन सेक्टर-5 विद्याधर नगर, रोड नंबर 17 विश्वकर्मा एरिया, चौमूं पुलिया, सेक्टर-16 प्रताप नगर, द्वारकापुरी सर्किल तथा बम्बाला पुलिया गोवर्धन नगर ऑफिस के बाहर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों से अस्थाई अतिक्रमणों को सख्ती से हटाया गया।
प्रशासनिक मुस्तैदी दिखाते हुए सतर्कता टीम ने मौके से 4 कैंटर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम भिजवाया। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक मार्गों को बाधित करने वाले अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 29 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज मौके पर ही वसूल किया गया। उपायुक्त सतर्कता ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान टीम द्वारा अतिक्रमणकारियों को भविष्य के लिए मौखिक रूप से पाबंद करते हुए समझाइश भी की गई। उन्हें चेतावनी दी गई है कि वे समय रहते स्वयं ही अस्थाई अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा आगामी समय में नगर निगम जयपुर द्वारा और भी भारी चालान और प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निगम की इस सक्रियता ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के संकल्प को पुन: दोहराया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
