जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: शहरभर में अस्थायी अतिक्रमण पर चला सतर्कता शाखा का अभियान, 5 केन्टर सामान जब्त
जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर 5 केन्टर सामान जब्त किया और कैरिंग चार्ज वसूला। कार्रवाई के बाद निगम ने भविष्य के लिए भी सख्त चेतावनी दी।

शहर में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान निगम की टीम ने कई स्थानों से अतिक्रमण हटवाते हुए पांच केन्टर सामान जब्त किया तथा अतिक्रमण करने वालों से एक हजार रुपये का कैरिंग चार्ज भी वसूल किया।
नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने दुर्गापुरा पुलिस चौकी के नीचे, हरियाली नगर दुर्गापुरा, चीलगाड़ी रेस्टोरेंट के सामने, प्रताप नगर सेक्टर-5 स्थित सांगानेर स्टेडियम क्षेत्र, सूर्य नगर 60 फीट रोड गोपालपुरा बाईपास, पटेल मार्ग मानसरोवर, झोटवाड़ा में पंचायत समिति के सामने वाटर वर्क्स के पास तथा सीके बिरला अस्पताल के आसपास के क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण हटवाया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमण में प्रयुक्त सामान को जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। कार्रवाई के तहत कुल पांच केन्टर सामान जब्त किया गया, जबकि मौके पर ही एक हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया।
नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को समझाइश भी दी और भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ प्रभावी कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम की यह कार्रवाई शहर में सार्वजनिक मार्गों और स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
