जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर मंगलवार को नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 19 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया और 4 केन्टर सामान जब्त कर लिया। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई के दौरान सतर्कता शाखा की टीम ने तारों की कूंट से प्रताप नगर सेक्टर 6 नंबर चौराहा, डी-मार्ट चौराहा जगतपुरा, पटेल मार्ग, वीटी रोड और वरूणपथ मानसरोवर सहित विभिन्न स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण हटवाया। अभियान के दौरान मौके से 4 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में चलाए गए इस अभियान के दौरान अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 19 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया। साथ ही सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय पर हटा लें।

उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अवैध अथवा अस्थाई अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध भारी चालान अथवा प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाकर नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story