जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला, 9 केन्टर सामान जब्त
जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने शहर के कई इलाकों में अतिक्रमण हटाकर 20 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला और 9 केन्टर सामान जब्त किया।

जयपुर के सांगानेर इलाके में नगर निगम की टीम द्वारा अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान जब्त सामान से लदा कैंटर।
जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला और 9 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम भिजवाया। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में पत्रकार कॉलोनी, एसबीबीजे ऑफिसर्स कॉलोनी मानसरोवर, आम्रपाली सर्किल 33/11 जीएसएस के पास, नर्सरी पार्क के पास वैशाली नगर, द्रोणगिरी धावास, गोपालपुरा पुलिया के नीचे, पावर हाउस सांगानेर, सांगानेर टूटी पुलिया, पंचायत समिति सुनारों का मोहल्ला तथा सब्जीमण्डी सांगानेर सहित विभिन्न स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान अस्थाई अतिक्रमण हटवाते हुए 9 केन्टर सामान जब्त कर नगर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही मौके पर ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से 20 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद भी किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय रहते स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की यह कार्रवाई पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर शहर में अस्थाई अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में की गई।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
