जयपुर शहर में सार्वजनिक मार्गों और प्रमुख क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने व्यापक अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा बड़ी मात्रा में सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया।

नगर निगम जयपुर के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सतर्कता शाखा की टीम ने निगम के विभिन्न जोनों के सहयोग से शहर के कई प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया। उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि महेश नगर 80 फीट रोड, दुर्गापुरा, सेक्टर-3 मालवीय नगर, त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के सामने मॉडल टाउन, सेक्टर-1 मालवीय नगर, महात्मा गांधी अस्पताल, इंडिया गेट तथा मानसरोवर जोन सहित विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त अभियान संचालित किया गया।

कार्रवाई के दौरान मध्यम मार्ग वीटी रोड, सेंट विल्फेड मीरा मार्ग, विजयपथ मानसरोवर तथा रिद्धि-सिद्धि चौराहे के पास स्थित मानसरोवर लिंक रोड समेत अन्य स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए। अभियान के दौरान कुल 7 केन्टर सामान जब्त किया गया, जिसे निगम के गोदाम में सुरक्षित भिजवा दिया गया।

सतर्कता शाखा की टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश देते हुए भविष्य में निर्धारित समय पर स्वयं अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए पाबंद किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अथवा अस्थायी अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारी चालान सहित प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम की यह कार्रवाई शहर में यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसके माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story