जयपुर: नगर निगम आयुक्त ने रातभर किया सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण
आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने टोंक रोड और चारदीवारी क्षेत्र में सफाई जांची, लापरवाही मिलने पर अतिक्रमण हटाने और जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।

जयपुर नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी चारदीवारी क्षेत्र में रात्रि कालीन सफाई व्यवस्था और मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन के कार्य का जायजा लेते हुए।
जयपुर, 3 मार्च। नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने कल देर रात 4 घंटे तक शहर की सफाई व्यवस्था और रात्रि कालीन सफाई का औचक जायजा लिया। डॉ. सैनी ने टोंक रोड से सफाई निरीक्षण प्रारंभ किया, इसके बाद वे स्टैचू सर्किल, अंबेडकर सर्किल, रामबाग सर्किल और सवाई मानसिंह अस्पताल के आसपास के स्थानों पर पहुँचे। वहां उन्होंने सफाई व्यवस्था को देखा और मौके पर कार्य कर रही मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन के कार्य को जांचा।
कचरे के ढेरों पर सख्त कार्रवाई और दुकानदारों को हिदायत
शहर में निरीक्षण के दौरान जहां भी कचरे के ढेर दिखाई दिए, आयुक्त ने मौके पर ही फोन कर अधिकारियों को तत्काल सफाई करवाने के निर्देश दिए। अस्थाई रूप से लगाई गई दुकानों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा मौके पर ही विजिलेंस टीम को बुलाकर अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया तथा भारी कैरिग चार्ज वसूलने के निर्देश दिए। आयुक्त ने मौके पर ही दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि "सभी दुकानदार डस्टबिन लगाकर रखें तथा उनके द्वारा फैलाई जा रही गंदगी को साफ करें, अपनी-अपनी दुकानों के आसपास के स्थान को साफ रखें यह व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।"
अवैध पोस्टरों पर नाराजगी और उद्यानों का रखरखाव
आयुक्त ने चार दिवारी क्षेत्र में लग रहे अवैध बैनर और पोस्टरों पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को इन्हें तत्काल हटवाने के निर्देश जारी किए। जल महल के आसपास सूख रहे पेड़ों एवं अन्य अव्यवस्थाओं को सुधारने के लिए उन्होंने उपायुक्त उद्यान को आवश्यक निर्देश दिए।
पैदल दौरा और मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण
इसके साथ ही आयुक्त ने छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और चांदपोल आदि क्षेत्रों का पैदल दौरा किया। आयुक्त ने हर एक स्थान को बारीकी से देखा। उन्होंने निराश्रित और बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए उपायुक्त पशु प्रबंधन को मौके पर ही निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों एवं चार दिवारी के कुछ स्थानों पर बंद पड़ी लाइटों को भी तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए। डॉ. सैनी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को बुलाया और वहां लाइटों को ठीक करवा कर नई लाइट लगवाने के निर्देश प्रदान किए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
