जयपुर। नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बुधवार को शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, सुरक्षा और फायर सेफ्टी से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

लाल डूंगरी कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर निर्माण कार्यों का जायजा

आयुक्त ने सबसे पहले दिल्ली रोड स्थित लाल डूंगरी में निर्माणाधीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा संग्रहण, ट्रांसफर प्रक्रिया और स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि "कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू रखा जाए तथा परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आसपास के क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो।"

पुरोहित जी का कटला में फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच

इसके बाद आयुक्त ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र पुरोहित जी का कटला में स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम का निरीक्षण किया। उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरणों और व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी सुधार करने और सिस्टम को पूरी तरह क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घनी आबादी और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में फायर सेफ्टी की व्यवस्थाएं मजबूत होना बेहद आवश्यक है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

किशनपोल बाजार स्थित आर्ट ऑफ स्कूल का अवलोकन

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने किशनपोल बाजार स्थित आर्ट ऑफ स्कूल का भी दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शहर के प्रमुख स्थानों पर सफाई, सौंदर्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को नियमित रूप से मॉनिटर किया जाए और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त प्रवीण कुमार, नगर निगम के संबंधित इंजीनियर तथा स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story