महान गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर 23 अगस्त को जयपुर में सजेगी सुरों की शाम
मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर 23 अगस्त को जयपुर में संगीत संध्या होगी, जहां नामचीन सिंगर्स उनके लोकप्रिय गीतों से स्वरांजलि देंगे।

जयपुर में हिन्दी सिनेमा के महान पार्श्व गायक मुकेश जी की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 23 अगस्त 2026 को विशेष संगीत संध्या आयोजित की जाएगी। विद्याश्रम स्कूल के महाराणा प्रताप सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में शहर के नामचीन गायक-गायिकाएं मुकेश के लोकप्रिय फिल्मी गीतों को अपनी आवाज देकर उन्हें स्वरांजलि देंगे।
इंजीनियर किशोर सरावगी, आर्किटेक्ट धीरज झामरिया एवं एडवोकेट जय शर्मा की अगुवाई में आयोजित होने वाली इस संगीत संध्या में श्रोताओं को मुकेश द्वारा गाए लोकप्रिय फिल्मी तराने सुनने को मिलेंगे। कार्यक्रम का संचालन टीवी अभिनेता व लेखक हर्ष खुराना करेंगे।
इस अवसर पर विकास माथुर, निकिता बंसल, ममता झा, कोपल माथुर, अनुराधा माथुर, प्रिया बोथरा एवं आँचल जैन मुकेश के एकल और दो गीतों को अपनी आवाज देंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुंबई से आए प्रसिद्ध वायलिन वादक जीतू ठाकुर की प्रस्तुति होगी।
आयोजकों के अनुसार संगीत संध्या में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। 23 अगस्त को महाराणा प्रताप सभागार में होने वाला यह आयोजन मुकेश के सदाबहार गीतों को समर्पित रहेगा और शहर के संगीतप्रेमियों को उनकी याद में सुरों से जुड़ने का अवसर देगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
