जयपुर, 06 फरवरी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई तकनीकी मजबूती मिलने जा रही है। नगर निगम जयपुर द्वारा मीणा पेट्रोल पंप के पास, दिल्ली रोड पर स्थापित मॉडर्न मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में स्टेशन का फाइनल ट्रायल चल रहा है और शीघ्र ही इसका संचालन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही बजट घोषणा के अनुरूप सुपर सकर मषीन मय डम्प ट्रक का भी सीवर सफाई कार्य के लिए संचालन किया जा रहा है।


100 टन कचरा प्रतिदिन निस्तारित करने की क्षमता

इस आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन में प्रतिदिन 100 टन कचरे के निस्तारण की क्षमता है। इसके लिए आवश्यक संसाधन इस प्रकार हैं:

  • 02 स्टैटिक कॉम्पेक्टर मशीन
  • 03 हुक लोडर
  • 06 कंटेनर

मशीन टू मशीन होगा कचरे का निस्तारण: ऐसे होगा कचरे का ट्रांसफर

नगर निगम के विभिन्न वार्डों से ऑटो हॉपर के माध्यम से आने वाले कचरे को पहले ट्रांसफर स्टेशन पर स्थापित बिन-कार्ट में खाली किया जाएगा। इसके बाद कचरे को हाइड्रोलिक स्टैटिक कॉम्पेक्टर में दबाकर कंटेनरों में भरा जाएगा। हुक लोडर के जरिए इन कंटेनरों को सीधे प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाएगा।


जमीन पर नहीं गिरेगा कचरा, बदबू और प्रदूषण से राहत

निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने बताया कि मशीन-टू-मशीन ट्रांसफर सिस्टम के कारण कचरा जमीन पर नहीं गिरेगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में गंदगी, बदबू और प्रदूषण की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी साथ ही खुले में कचरा फैलने से होने वाले जन-स्वास्थ्य जोखिम भी कम होंगे।


फाइनल ट्रायल जारी, जल्द होगा शुरू

"मॉडर्न ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में फाइनल ट्रायल किया जा रहा है। इसके जल्द शुरू करने की योजना है। यह स्टेशन जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाएगा। नगर निगम का लक्ष्य है कि कचरा प्रबंधन पूरी तरह वैज्ञानिक और तकनीक आधारित हो।" – नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी


सुपर सकर मषीन के माध्यम से सीवर सफाई भी हो रही सुदृढ़

आयुक्त डाॅ. गौरव सैनी ने बताया कि बजट घोषणा के अनुसार एक सुपर सकर मषीन और दो डंप ट्रक का सेट का भी संचालन किया जा रहा है। इसका उपयोग हाल ही में प्रारंभ किया गया है। सुपर सकर मषीन द्वारा सीवर लाइनों में जमा सिल्ट व गंदगी को हाई प्रेषर सक्षन द्वारा खींचा जाता है तथा इसको डंप ट्रक में परिवहन किया जाता है।

इस सुपर सकर मषीन का उपयोग जयपुर शहर की जिन क्षेत्रों की सीवर लाइन में अत्यधिक चोकिंग की षिकायतें बारंबार प्राप्त होती है उन क्षेत्रों में किया जावेगा। जिससे सीवर लाइन की पूर्णता सफाई की जाकर समस्या की दीर्घ कालीन निस्तारण किया जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story