जयपुर विकास प्राधिकरण की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर इंटरनेट बंद किया गया था, जिसे स्थिति सामान्य होने पर पुनः शुरू कर दिया गया है।

जयपुर जिला प्रशासन प्रेस नोट-2 के तहत शहर में इंटरनेट सेवाओं को पुनः बहाल कर दिया गया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पूर्व में लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया।

संभागीय आयुक्त, जयपुर वी सरवण कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस आयुक्तालय जयपुर से प्राप्त रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध बनाए रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसी आधार पर पूर्व में जारी इंटरनेट सेवाओं के अस्थायी निलंबन संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ करने के निर्देश जारी किए गए।

उल्लेखनीय है कि जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) तथा अन्य सोशल मीडिया सेवाओं पर 08 जून को रात्रि 12 बजे से 09 जून को रात्रि 12 बजे तक अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था।

पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति की विस्तृत समीक्षा के बाद यह पाया गया कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है। इसके पश्चात इंटरनेट सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल करने का निर्णय लिया गया।

जिला एवं पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story