जयपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। जयपुर शहर के व्यस्ततम वीकेआई क्षेत्र में सीकर रोड पर मोबाइल कोर्ट ने कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी तोड़कर भागने वाली कार सहित शराब के नशे में दौड़ाए जा रहे बस और ट्रैक्टर को जब्त किया।

अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री विजय कुमार सिरोहीवाल के सीधे निर्देशन में रोड नंबर-12, वीकेआई, सीकर रोड क्षेत्र में मोबाइल कोर्ट द्वारा नाकाबंदी कर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई।

सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) श्री दिनेश लोहिया ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस और कोर्ट की टीम को देखकर एक कार (आरजे-45 सीवी-9282) के चालक ने रुकने के बजाय नाकाबंदी तोड़कर वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया। टीम ने पीछा कर कार को पकड़ लिया और वाहन को जब्त करते हुए चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू की।

चेकिंग के दौरान बस (आरजे-23 पीबी-8508) और ट्रैक्टर (आरजे-23 आरवी-1805) के चालकों की जांच की गई, जिसमें दोनों चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाए गए। मोबाइल कोर्ट ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया और चालकों के खिलाफ वैधानिक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

एपीओ श्री दिनेश लोहिया ने कहा कि सड़कों पर आम नागरिकों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के प्रति प्रशासन और न्यायालय द्वारा कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा लापरवाही और तेज गति से वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ न्यायालय सख्त कार्रवाई कर रहा है।

जयपुर शहर के संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्रों में मोबाइल कोर्ट द्वारा बस, ट्रक, ट्रैक्टर, कार, टैक्सी और दोपहिया वाहनों सहित सभी श्रेणियों के वाहनों की नियमित और सघन जांच जारी है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिना किसी रियायत के नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story